मनमोहन जी ने बहुत दिनों के बाद देश के युवाओं से कुछ अपील की है. उन्होंने युवाओं को देश की राजनीति से जुड़ने को कहा है. बकौल मनमोहन जी युवा ही राजनीति की दशा और दिशा बदल सकते हैं . सिर्फ मनमोहन जी ही नहीं देश के कई और लोग भी इस तरह की बातें कहते रहे हैं . गौर करने की बात है की उनकी कथनी और करनी में क्या किसी तरह की समानता है या फिर 'हाथी के दांत खाने के कुछ और, और दिखाने के कुछ और' वाली ही बात है. आपको लगता होगा की मैं अपने मुद्दे से भटक रहा हूँ, तो चलिए सीधे अपनी बात ही कहता हूँ. सच कहूँ तो मुझे मनमोहन जी की बात से बहुत निराशा हुई है, अब आप कहेंगे जब उन्होंने इतनी अच्छी बात कही तो फिर निराशा काहे की. निराशा इसलिए होती है की इन बातों को सुनते-सुनते तंग आ गया हूँ. आज यह तो कल कोई और इसी तरह की बात करता है लेकिन युवाओं को राजनीति में सही तरीके से प्रवेश कराने की बात कोई नहीं करता? ऐसे समय में सब के मुंह पर ताला लग जाता है.सिर्फ बात तक ही सीमित रह जाते हैं ये लोग जब बात कुछ करने की आती है तो गिरगिट भी रंग बदलने में इनके सामने शर्मा जाता है. अब आप ही कहिये की इस बात से निराशा नहीं होगी तो क्या होगी? युवाओं के नाम पर देश के कुछ घरानों के लोग ही नजर आते हैं, सिर्फ उनमे ही काबिलियत नजर आती है. आम युवा तो सब कुछ होते हुए भी मेहनत का फल नहीं खा पाता है. आखिर वह राजनीति में आकर करे तो करे क्या? जब मेहनत की बारी आती है तो उनको याद किया जाता है और जब फल खाने की बारी आती है तो युवराजों की राह देखी जाती है. वे आयेंगे और मीठे फल का रसास्वादन करेंगे. मकान बनाने में सारी मेहनत तो आम युवा ही करते हैं लेकिन उसका मालिकाना हक़ उनको नहीं मिलता है . चांदी की चम्मच लेकर पैदा होने वाली बात यहाँ चरितार्थ होने लगती है. मनमोहन जी या कोई और जी एक युवा होने के नाते यह कहना चाहूँगा की पहले सचमुच में कुछ करने की सोचिए तब किसी तरह की अपील किया कीजिए. दुःख होता है जब पता चलता है की फलां ने जी तोड़ मेहनत की लेकिन जब बारी आई तो किसी और का नाम सामने आ गया. ज्यादा लिखना तो नहीं चाहता हूँ सिर्फ एक बात युवाओं से कहना चाहता हूँ की क्या हम आम युवाओं को ऐसे ही उपयोग किया जाता रहेगा. आप अपने विचारों को जरुर बताएं.
Feb 4, 2012
Jan 28, 2012
क्या जरुरी है दारु?
कभी - कभी मैं सोचता हूँ की आखिर हमारा समाज आज किस ओर जा रहा है. आजकल एक चीज़ का समाज के साथ बड़ा घनिष्ट सम्बन्ध हो चुका है और इसकी घनिष्टता बढ़ती ही जा रही है. मैं बात कर रहा हूँ शराब की जिसे भदेस भाषा में दारु भी कहते हैं. या यूँ कहें की आज समाज और शराब के बीच बहुत ही कमाल का सम्बन्ध विकसित हो चुका है. चुनाव में या किसी खास तरह के उत्सवों के दौरान पीया जाने वाला शराब आजकल हर समय अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है.मैं बहुत कुछ तो कहना नहीं चाहूँगा लेकिन एक व्यथा जो मन में बार-बार उभरकर आती है उसका वर्णन जरुर करूँगा. कुछ दिनों से मैं अपने शहर और गांव में होने वाले पर्व-त्योहारों में पूरी तरह से संलग्न रह रहा हूँ, इसे भी मैं अपना किस्मत ही मानता हूँ की इस भागदौड़ वाली जिंदगी में यह मौका मुझे मिल पा रहा है. मैं एक चीज़ जो हर पर्व के दौरान देख रहा हूँ की आजकल बिना दारू के पर्व अधूरा है. और अगर किसी को कहें की कम से कम इस दौरान दारू का सेवन न करें तो फिर आपसे बुरा कोई नहीं. एक प्रश्न जो मुझे बहुत परेशान करता है की आखिर हमारा समाज जा कहाँ रहा है. दारु के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार रहते हैं. रोटी और बेटी नहीं वरन दारू सबसे जरुरी हो गयी है. मैं बीते दिनों की एक बात कहना चाहता हूँ. मेरे आसपास समाज में ही कोई समारोह था, सारी तैयारी हो चुकी थी. लोग बाग़ भी आने लगे थे. पर कुछ लड़के जो उस समारोह के मुख्य कार्यकर्त्ता थे पता नहीं अचानक कहाँ गायब हो गए. थोड़ी देर बाद वो आये तो मैंने पूछा की क्या भाई कहाँ चले गए थे उनमे से जो सबसे छोटा था वह कहता है की मूड बनाने गए थे. आप खुद अंदाज लगा सकते हैं की कहाँ जा रहे हैं हम और कहाँ जा रहा है हमारा समाज. नैतिकता की परिभाषा अगर यहाँ पर राखी जाये तो शायद उसे भी शर्म आ जाये. दुर्गापूजा हो या सरस्वती पूजा इस दौरान अगर कुछ जरुरी है तो वह है दारु. पता नहीं लोग क्या सोच रहें हैं या किस तरह की सोच है उनकी लेकिन अगर यह नजारा रहा तो वह दिन दूर नहीं जब फिर से हम गुलाम हो जायेंगे. घर तो बर्बाद हो ही रहा है इससे देश को बर्बाद होने में भी दिन नहीं लगेगा. आखिर में एक ही सवाल है की क्या दारू इतनी जरुरी है जो हम उसका गुलाम बनते जा रहे हैं. सोच को बढ़ाना होगा और एक स्वस्थ समाज और देश का निर्माण करना होगा. विचार का विषय है, गंभीरता से सोचना होगा नहीं तो परिणाम तो हमें पता ही है.
Jan 9, 2012
क्या यह पर्व कुछ राह दिखायेगा ?
भारत में चुनाव से बड़ा पर्व शायद ही कोई हो, और हर आम को इसका इन्तजार रहता है. और अभी तो देश के पांच राज्यों में चुनाव की घंटी बज गयी है तो लाजिमी है की मेले की तैयारी भी हो रही होगी. मेले की तैयारी तो हो ही रही है और तमाशबीन भी अपने-अपने उपकरणों के साथ मैदान में आ चुके हैं, अब तो पूरे देश को इन्तजार है, इस मेले में आने वालों का. और अगर इसको मीडिया में जगह न मिले तो यह अधूरा सा लगता है.खासकर उत्तरप्रदेश इस बार कुछ खास की उम्मीद है और पूरा मैदान पट गया है. बीजेपी, कांग्रेस, सपा और बसपा तो मैदान में ख़म ठोक ही रही है साथ ही साथ कई छोटे और मझोले दल भी ताल पर ताल दे रहे हैं. सब को सपने में लखनऊ का ताज नजर आ रहा है और अगर आ रहा है तो वह गद्दी जिसपर वो राज करें और देश दुनिया में अपना रुतबा जाहिर कर सकें. लेकिन इस बार ताज किसके सर लगेगा यह कहना बड़ा कठिन है. लेकिन एक चीज़ जो सबसे ज्यादा दिख रही है वह यह की हर दल जीत के लिए ही प्रयत्नशील हैं राज में नीति गायब सी दिख रही है. बड़ा दुःख होता है रोज चलने वाले बहस में पार्टी के नेता अपने को बेदाग बताते हैं और बहस के बाद दागियों की जमात में भोज खाते नजर आते हैं. टीवी पर जिसे गाली देते नहीं अघाते टीवी के बाद उसके साथ गलबाहियां करते नजर आते हैं, हर पार्टी की चाल तो बदली ही है अब उनका चरित्र भी बदल गया है. ईमानदार तो कोई नजर नहीं आता और अगर आता भी है तो वह मुश्किल से ही नजर आता है. क्या चुनाव में एक दल या एक व्यक्ति ऐसा भी हो जाता है, जो अपने लोगों के साथ-साथ अपने ईमान और धर्म को भी भूल जाएँ. वाह रे लोकतंत्र और इसकी पूजा करने वाले जो किसी की तकदीर क्या बदलेंगे खुद की नयी तस्वीर ही बनाने में मशगूल हैं. खुद पर दया आती है की क्या हम ऐसे ही जमात को अपना प्रतिनिधि बनाते रहेंगे या फिर कुछ बदलाव भी लेन की सोचेंगे. चुनाव तो हर साल आते हैं लेकिन बदलता कुछ भी नहीं है, पता नहीं यह कब बदलेगा और क्या सच में भी कुछ बदलने वाला है. देखिये और चार मार्च का इन्तजार कीजिये और फिर लोकतंत्र के बारे में भी कुछ ख्याल कीजिये. आज बस इतना ही आप भी जरुर अपनी राय दें और बदलाव की शुरुआत करें.
Oct 21, 2011
क्या होगा अडवाणी का बेड़ा पार?
बूढ़ी हड्डी में आई नई जवानी है
अडवाणी ने फिर एक जिद ठानी है,
निकल पड़ें हैं रथ लेकर
जनता को जगाने
भ्रष्टाचार, महंगाई
को देश से भगाने
घूम रहे हैं शहर-शहर
कर रहे हैं लोगों की जय-जय कार
प्रधानमंत्री बनने की हो रही है तैयारी
पर पार्टी के लोग ही पड़ रहे हैं भारी,
मन में रेसकोर्स का तूफान है
पीएम की कुर्सी में ही बसती अब उनकी जान है.
टीवी-पेपर पर जारी है बहस,
लेकिन नेताजी दिखते हैं बेबस
हर ओर तमाशा चालू है,
यह आदमी थोड़ा दयालु है,
रथ का पहिया घूम रहा
नेताजी का मन झूम रहा,
बढ़ने लगा है विश्वास,
अबकी बहुत है आस
बस एक मौके की है तलाश,
क्या नेताजी का सपना बनेगा झकास,
या फिर हो जायेंगे नेताजी खल्लास?
अब तो समय बताएगा
की नेताजी मुस्कुराएंगे
या फिर हारकर राजनीति से बाहर हो जायेंगे
करें इंतजार, होगा कुछ अद्भुत चमत्कार
शायद हो जाये नेताजी का बेड़ा पार?
Sep 27, 2011
फिर घिरे राहुल?
आज बहुत दिनों बाद कुछ लिखने बैठा हूँ. बहुत दिनों से लेखनी खामोश थी कुछ कारण थे साथ ही कुछ मजबूरी भी थी. खैर जो भी हो अगर इन्सान की जिंदगी में मजबूरी न हो तो फिर जीवन ही क्या? चलिए अगर मजबूरी की बात करें तो आजकल राहुल गाँधी भी खासे मजबूर हैं, करें तो करें क्या लगातार पार्टी और सरकार की किरकिरी हो रही है जिस मुद्दे पैर बात होती है वहीँ हर कोई नीचा दिखाने की कोशिश करता है. आप ही बतायिए एक अकेला आदमी क्या करे और क्या न करे और उसमे भी अगर ऐसे रणनीतिकार हों जो अच्छा तो कर नहीं सकते और बुरे वक्त में साथ भी नहीं दे सकते तो क्या किया जाये? बेचारे युवराज ने बड़ी कोशिश की थी तब जाकर पार्टी उत्तरप्रदेश में कुछ हद तक जगी थी लेकिन अपनों ने वहां भी सब गुड का गोबर कर दिया. आजकल कश्मीर में भाषण दे रहें हैं और युवाओं से अपील कर रहे हैं की राजनीती में आईये आपको हर कुछ मिलेगा. चलिए जो कम परनाना, नानी और पापा न कर सके वो सायद ये कर दें. पैर संभावना अति कमजोर है. इधर जो कुछ भी था अन्ना ने बिगड़ दिया और अब घोटाला जान मर रहा है कल तक गठबंधन के लोग लपेटे में थे आज तो अपने भी आने वाले हैं. अब बाबा को कुछ सूझ नहीं रहा है की क्या करें ,यूथ ब्रिगेड भी सिर्फ दिखावे को रह गयी है, सही कहते हैं बुरे वक्त में हर कोई साथ छोड़ देता है वही हो रहा है. और तो और अब नरेन्द्र मोदी भी एक चुनौती बन गएँ है आखिर करें तो करें क्या? ऊपर से जनता का अलग दबाव हर तरफ समस्या ही समस्या है जनाब हल कोई नहीं? वैसे यह तो है की युवराज कभी निराश नहीं होते अरे आज नहीं तो कल तो दिन सही हो ही जायेगा. अब तो आने वाले समय का इन्तजार है. जो भी हो बाबा की अभी तो हवा हो गयी है. वक्त का इन्तजार आप भी कीजिये और हम भी. हाँ अब मैं आपको यहाँ मिला करूँगा पुनः वापसी हो चुकी है.
Jan 7, 2011
अगर जनता जाग गयी तो ?
आज देश के सामने एक विकट समस्या आन खड़ी हुई है| दिन पर दिन नए-नए घोटालों की खबर उजागर हो रही है, कभी यह घोटाला तो कभी वह| कभी देश के राजा को कभी मंत्री| लेकिन इन सब का खामियाजा जिसे भुगतना पड़ रहा है वह है देश की प्रजा या कह सकते हैं तथाकथित रंक| जिम्मेदार लोग तो अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, आम लोगों के पैसों को डकारकर, शायद उनका यह सोचना है की आखिर सत्ता मिली ही तो है डकारने के लिए| लेकिन जैसा कहते हैं डकारने में भी कुछ फर्क होता है, कौन डकार रहा है| अगर गरीब डकारेगा तो लोगों के उपहास का केंद्र बनेगा, लेकिन अगर अमीर डकारेगा तो लोग समझेंगे की साहेब ने अच्छे से आज कुछ खाया है| आजकल समूचा देश ही खाने- खिलाने की कोशिश में लगा हुआ है| कोई छोटे बाबु की तरफदारी कर रहा है तो कोई बड़े बाबू की चाकरी| लेकिन सबसे बड़ी और दुखद बात यह है की आजकल देश के नीति निर्धारक सबसे भूखे हो गए हैं| उनकी तो पेट भी इतनी बड़ी है की कभी शायद ही भरे| लोग उनकी तरफदारी में लगे रहते हैं की साहेब कुछ दे दें| आखिर अगर सोना टूटेगा तो कुछ अंश तो साथ वाले को मिलेगा| नीति तो अब पैसों से ही बनने लगी है और इसके बारे में बताना मुर्खता ही होगी| अगर आपके पास माल है तो आप देश में आपने ढंग से कानून बना सकते हो, बनवाना इसलिए नहीं की चाहे बनाओ या बनवाओ फायदा तो आपको ही होगा| खबर आती है की इतने लोग ठण्ड से मर गए, मरने दो सालों को अपने को क्या मतलब| अपने तो सुख से हैं न| आज इतने लोगों को रोटी नहीं मिली, सिर छुपाने को जगह नहीं है, क्या बकवास कर रहे हो यह बताओ की अमुख पार्टी वाले डील का क्या हुआ| अभी भी कुछ कह रहा है की और कुछ चाहता है| अब प्रश्न उठता है की आखिर देश में किसका शासन है यह है भी की नहीं| या पूरे अंधेर नगरी ही है| किसी गरीब से पूछो तो कहेगा की अमुख साहेब कह के गए हैं की इस बार कुछ करेंगे लेकिन हमारा तो काम ही है इन्तजार करना, सो कर रहे हैं| आम लोगों का दर्द चरम पर है लेकिन सरकार और देश चलाने वाले अभी भी निंद्रा में हैं| पता नहीं की यह कौन सी निंद्रा है, शायद कुम्भकर्ण वाली तो नहीं, लेकिन दुर्दिन आने पर वह भी जगा था चाहे उसका खुद का ही दुर्दिन ही क्यूँ न हो| लेकिन क्या देश के लिए इससे भी बड़ा दुर्दिन होगा जहाँ एक तरफ लोग महल पर महल बना रहे हैं वहीं दूसरी और एक शेड भी नसीब में नहीं है| अब भी सरकार सोई हुई है| ऐसे ही कुछ दिनों पहले मध्यप्रदेश की सरकार सोई हुई थी, लेकिन किसानों ने प्रदेश की राजधानी को ही जाम कर दिया तब शायद सरकार को चेतना आयी की इनकी भी कुछ दिक्कतें हैं| यह रीति रही है की जब जब अन्धकार का बोलबाला बढ़ता जाता है लोगों की चेतना जग रही है| अन्धकार से मुक्ति पाने लोग राजा और शासन के खिलाफ गोलबंद होते रहे हैं| अब अगर इस लुट पर लगाम नहीं लगाया गया तो ऐसा न हो की एक और युद्ध छिड जाए| अभी भी समय है जागो और आम के लिए भी कुछ करो| नहीं तो कहा ही गया है की सिंघासन खाली करो की जनता आती है? अगर आप लोगों के चेहरे पर खुशी नहीं ला सकते तो छोड़ तो राजसत्ता|
Nov 15, 2010
सुदर्शन वाणी?
बयान और भारतीय राजनीति दोनों का चोली-दामन का साथ है| समय-समय पर राजनेता बयान देते रहते हैं, कभी उनका बयान सुर्ख़ियों में आ जाता है तो कभी गुमनामी के अँधेरे में गायब हो जाता है| वैसे भी अगर राजनीतिज्ञ बयान नहीं देंगे तो कौन देगा| अगर बयानों के ताजा श्रृंखला की बात करें तो आरएसएस के पूर्व प्रमुख के एस सुदर्शन के बयान ने देश में हलचल मचा दी है| अजमेर बम धमाके में इन्द्रेश कुमार के लिप्त होने की बात को लेकर देश भर में आरएसएस के लोगों ने धरना दिया था| भोपाल में लिली सिनेमाघर के पास इस धरने में सुदर्शन भी शामिल थे| यही वह भोपाल है जहाँ कुछ दिनों पहले राहुल गाँधी ने इस संगठन की तुलना सिमी से की थी| आखिर जिस जमीन पे राहुल ने आरएसएस की तुलना सिमी से कर दी उस धरती पे कुछ न कुछ तो होना ही था| राहुल के इस बयान के बाद से ही संघ में उबाल था, लेकिन आरएसएस के लोग राहुल की बात का कोई माकूल जवाब नहीं दे पा रहे थे| आखिर कोई खुलेआम किसी संस्था की साख पर बट्टा लगा रहा है और उसके लोग सिर्फ तमाशा देख रहे हों यह कैसे हो सकता है | सुदर्शन को राहुल की यह बात अच्छी नहीं लगी, वे समय का इन्तजार करने लगे की कब राहुल को जवाब दिया जाए| और यह समय मिला उन्हें और उन्होंने उसका भरपूर फायदा उठाया| उनके भीतर की ज्वाला भड़क उठी और उन्होंने कह दिया जो कहना था| सुदर्शन ने राहुल पर नहीं उनकी माँ और कांग्रेस की प्रमुख सोनिया गाँधी को निशाना बनाया| सुदर्शन यह सोचते हैं की राहुल जो कुछ कहते हैं वह सोनिया की सलाह होती है ,तो चलो उसी पर निशाना साधो|| सुदर्शन ने सोनिया को अमेरिकी खुफिया संगठन सीआइए का एजेंट कह दिया| सुदर्शन इतने पे ही नहीं रुके उन्होंने राजीव और इंदिरा गाँधी के हत्या में भी सोनिया के शामिल होने की बात कह दी| अगर देश की सबसे बड़ी पार्टी के सर्वेसर्वा के खिलाफ कोई इस तरह की बात कहता है तो उनके चाहने वालों में गुस्सा तो अवश्य ही होगा| और हुआ भी ऐसा ही, लोगों ने सुदर्शन के खिलाफ लामबंदी शुरू कर दी |सुदर्शन हर तरह से गलत साबित हो रहे हैं| पूरे देश में उनके खिलाफ धरना और प्रदर्शन हो रहा है| उनपर मुक़दमे की भी बात हो चूकि है| आखिर सुदर्शन ने देश की सबसे ताकतवर महिला के खिलाफ गलत शब्दों का प्रयोग किया है और वह भी बिना किसी प्रमाण के| अगर सुदर्शन प्रमाण के आधार पर ऐसा कहते तो बात कुछ होती, लेकिन आपसी प्रतिशोध में उन्होंने ऐसा कह दिया| उन्हें भरोसा था की बीजेपी और संघ उनके साथ आएगा, लेकिन दोनों ने किनारा कर लिया| खैर बात ही ऐसी है जो हर कोई किनारा करेगा| सुदर्शन ने अपने को प्रचारित करने के चक्कर में फिर से एक ऐसा बयान दे दिया है जो उनके उपर खुद आफत बन गया है| लेकिन मुंह से निकली बात को लौटाया नहीं जा सकता| ऐसा कोई पहली बार नहीं है जब सुदर्शन ने ऐसा कुछ कहा है वो पहले भी ऐसा कह चुके हैं| उन्होंने तो यह भी कहा था की महात्मा गाँधी को गोली गोडसे ने नहीं किसी और ने मारी थी, लेकिन वहां भी उनके पास प्रमाण की कमी दिखी| मुझे लगता है की सुदर्शन उम्र के साथ नाबोध बालक जैसे हो रहे हैं जिसे यह ही पता नहीं रहता की क्या कहना है? खैर जो भी हो लेकिन सुदर्शन का अपने को सुर्ख़ियों में लाने का प्रयास विफल हो गया है? सही कहते हैं न जब विपत्ति में होते हैं तो कोई साथ नहीं देता ऐसा ही कुछ सुदर्शन के साथ भी हो रहा है| खैर जो भी हो लेकिन यह तो कहा ही जा सकता है की सुदर्शन का चक्र इस बार नहीं चल सका, वह धरासायी हो गया?
Subscribe to:
Posts (Atom)